खबरीलाल टीम
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' और 'वोट हटाने' का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, "चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा, चोरों को बचाता रहा।" यह लगातार दूसरा दिन है जब राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को सीधे तौर पर घेरा है। उन्होंने कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां कांग्रेस समर्थकों के नाम योजनाबद्ध तरीके से हटाए गए।READ ALSO:-मेरठ में मामूली कहासुनी पर खूनी संघर्ष: रास्ता न देने पर चला विवाद, 20 हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

 

क्या है 'वोट चोरी' का पूरा मामला?
गुरुवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल ने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र को खत्म करने वालों और 'वोट चोरों' को बचा रहे हैं। उन्होंने आरोपों के समर्थन में कुछ ऐसे मतदाताओं को भी पेश किया, जिनके नाम हटाने की कोशिश की गई थी। राहुल ने अपनी प्रजेंटेशन में दावा किया कि इन वोटरों के नाम हटाने के लिए दूसरे राज्यों के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया था।

 

बीजेपी ने दिया करारा जवाब
राहुल के आरोपों के बाद बीजेपी नेताओं ने उन पर तीखा हमला बोला है:
  • गिरिराज सिंह: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी हताशा में हैं और 'शहरी नक्सल' बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल कभी मोदी की नकल करते हैं तो कभी 'Gen-Z' की बात करते हैं।
  • निशिकांत दुबे: सांसद निशिकांत दुबे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे आलंद चुनाव के इंचार्ज थे और उन्हें यकीन था कि भाजपा यह सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि अगर वाकई वोट चोरी हुई है तो कांग्रेस को चुनाव आयोग का धन्यवाद करना चाहिए, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार कांग्रेस यह सीट जीत पाई है।
  • देवेंद्र फडणवीस: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये वोट चोरी का मामला नहीं है, बल्कि राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है। उन्होंने कहा कि राहुल की संविधान में कोई आस्था नहीं है और वह 'शहरी माओवादी' वाली भाषा बोल रहे हैं।

 

चुनाव आयोग ने आरोपों को बताया 'निराधार'
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के सभी आरोपों को गलत और निराधार बताया है। आयोग ने कहा है कि कोई भी आम नागरिक ऑनलाइन किसी का वोट नहीं हटा सकता। किसी भी वोटर का नाम हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाता है।

 

CRPF ने राहुल की सुरक्षा पर भी उठाए सवाल
एक अलग मामले में, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राहुल गांधी पर सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगाया है। सीआरपीएफ ने कहा है कि पिछले 9 महीनों में राहुल गांधी बिना सूचना दिए 6 बार विदेश यात्रा कर चुके हैं, जिनमें इटली, वियतनाम, दुबई, कतर, लंदन और मलेशिया शामिल हैं।
विज्ञापन
dhss