बम की धमकी मिलने के बाद सोमवार को एअर इंडिया की एक फ्लाइट की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली जा रही इस फ्लाइट को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया था।
क्रू मेंबर को टॉयलेट में अंग्रेजी में 'बम' लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला था। क्रू ने पायलट को सूचना दी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के मुताबिक, पायलट ने करीब के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी। मैसेज मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट ने सभी इमरजेंसी सेवाओं को एक्टिव कर दिया था।
अहमदाबाद रनवे पर विमान के लैंड होते ही प्लेन को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद, प्लेन में सवार सभी 32 पैसेंजर्स को उतारकर एयरपोर्ट बस से टर्मिनल तक सुरक्षित पहुंचाया गया। पैसेंजर्स के सामान को अलग रखकर जांच की।
प्लेन से कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद, फायर ब्रिगेड, सीएसएफ, बम स्क्वॉड और अन्य रेस्क्यू टीमों ने प्लेन को घेर लिया था। सुरक्षा अधिकारियों और टेक्नीकल टीमों ने प्लेन के हर कोने, कार्गो होल्ड और सीटों की जांच की।
जांच में, विमान से कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि यह धमकी भरा नोट किसने और किस उद्देश्य से छोड़ा था।