मेरठ, उत्तर प्रदेश: मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। मलियाना पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और कुछ देर के लिए सड़क पर जाम भी लगा दिया।READ ALSO:-मेरठ: मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे शख्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जावेद पहलवान हत्याकांड से जुड़े तार, हालत गंभीर
दवा लेकर घर लौट रही थी मां, बेटा बाल-बाल बचा
बसंत कुंज कॉलोनी की रहने वाली सुरेश कुमारी (50) अपने बेटे विनीत के साथ दवाई लेकर घर लौट रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक मलियाना पुल के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में सुरेश कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में बाइक चला रहा उनका बेटा विनीत बाल-बाल बच गया।
चालक फरार, लोगों ने की तोड़फोड़
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने ट्रक को रोककर उसमें तोड़फोड़ की और टायर जलाकर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही टीपी नगर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने तुरंत ट्रक को कब्जे में ले लिया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।