बिजनौर: बिजनौर शहर में गुरुवार की सुबह राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) के पास उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने फरार पति को बीच सड़क पर पकड़ लिया और सबके सामने उसकी जमकर पिटाई कर दी। महिला की गोद में उसकी डेढ़ साल की बच्ची भी थी। यह पूरी घटना राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर ली और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।READ ALSO:-बिजनौर में सड़क पर 'गुलदार' का हमला: बाइक सवार पिता-पुत्र पर हमला, युवक घायल, दहशत में ग्रामीण

6 महीने से फरार था पति
पिटाई करने वाली महिला की पहचान आफरीन के रूप में हुई है, जिसकी शादी 7 साल पहले नूरपुर थाना क्षेत्र के पनिया वाला गांव के माजिद से हुई थी। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं। आफरीन का आरोप है कि उसका पति माजिद पिछले 6 महीने से घर छोड़कर फरार था। इस दौरान, वह अपने तीनों बच्चों की परवरिश अपने मायके में रहकर कर रही थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर करता था परेशान
आफरीन ने आरोप लगाया कि पति माजिद न केवल घर से भागा हुआ था, बल्कि वह अक्सर उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था और उसे मोबाइल फोन इस्तेमाल करने से भी रोकता था।

गुरुवार सुबह का विवाद तब शुरू हुआ जब माजिद जबरन आफरीन की मौसी के घर पहुंचा, जहाँ आफरीन मौजूद थी, और उसे धमकाने लगा। सुबह करीब 7:45 बजे दोनों का विवाद सड़क पर आ गया, जिसके बाद गुस्से में आकर आफरीन ने अपने पति की पिटाई कर दी।
पहले भी की थी शिकायत, अब पुलिस कर रही समझौता
पीड़ित पत्नी आफरीन ने बताया कि लगभग दो महीने पहले उसने पति की हरकतों को लेकर महिला थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सड़क पर हुए इस हंगामे के बाद आफरीन ने खुद 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को महिला थाने ले गई। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रही है, ताकि इस पारिवारिक विवाद को शांत किया जा सके।