बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बेखौफ बदमाशों का आतंक देखने को मिला है। यहां किरतपुर थाना क्षेत्र में सिर्फ उधार शराब न देने पर दो युवकों ने एक देशी शराब और बीयर की दुकान पर जमकर हंगामा किया और अवैध तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोली की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सेल्समैन की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।READ ALSO:-मेरठ: 35 साल पुराने कॉम्प्लेक्स पर गरजा बुलडोजर, 22 दुकानें ध्वस्त; आंखों के सामने उजड़ी दुकानें देख बिलख पड़े व्यापारी
उधार न देने पर किया हंगामा मामला किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव बूढ़पुर नैनसिंह का है। यहां पुष्पेंद्र सिंह के नाम से देसी शराब और बीयर का ठेका है, जिस पर इस्लामपुर बेगा निवासी रुपेंद्र पुत्र सुरेंद्र बतौर सेल्समैन काम करता है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को ठेके पर रुपेंद्र का छोटा भाई सुरेंद्र बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव स्वाहेड़ी निवासी डब्बल उर्फ आंशु और अनूप ठेके पर पहुंचे और सुरेंद्र से उधार में शराब मांगने लगे।
फावड़े से गेट तोड़ने का प्रयास जब सुरेंद्र ने उधार शराब देने से साफ इंकार कर दिया, तो दोनों युवक आगबबूला हो गए। उन्होंने सेल्समैन के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने पास ही मौजूद एक किसान का फावड़ा छीन लिया और उससे दुकान का गेट तोड़ने का भी प्रयास किया। हंगामा करने के बाद वे गालियां देते हुए वहां से चले गए।
शाम को लौटकर की फायरिंग सेल्समैन रुपेंद्र ने बताया कि वह देर शाम को ठेके पर मौजूद था, तभी दोनों युवक बाइक पर सवार होकर फिर से आ धमके। उनमें से एक ने आते ही जेब से अवैध तमंचा निकाला और रुपेंद्र को धमकाते हुए सीधा फायर झोंक दिया। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दहशत फैलाने के लिए दूसरा फायर भी किया।
ग्रामीणों को देख भागे आरोपी फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर ठेके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। पुलिस को घटनास्थल से एक खाली खोखा (कारतूस का खोल) भी बरामद हुआ है। सेल्समैन रुपेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि सेल्समैन की शिकायत पर डब्बल उर्फ आंशु पुत्र लाखन और अनूप पुत्र सुदे (निवासी ग्राम स्वाहेड़ी) के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।