नई दिल्ली। दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG-41 गुरुवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। उड़ान भरने से ठीक पहले एक दूसरे विमान के पायलट ने इसके टेलपाइप में आग देखी, जिसकी सूचना तुरंत SG-41 के पायलट को दी गई। कॉकपिट में कोई चेतावनी न मिलने के बावजूद, पायलट ने एहतियात के तौर पर उड़ान रद्द कर विमान को वापस 'बे' पर लाने का फैसला किया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।READ ALSO:-गंगा तटबंध परियोजना पर बिजनौर में BJP की 'कलह': विधायक दंपती ने पूर्व सांसद पर लगाए गंभीर आरोप, दी 'सुरक्षा बढ़ाने' की सलाह
कैसे हुआ हादसा?
फ्लाइट SG-41 को सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरनी थी। उड़ान की तैयारी के दौरान ही एक अन्य विमान के पायलट ने इसके टेलपाइप से आग निकलते हुए देखा और तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी, जिसने SG-41 के चालक दल को सूचित किया। हालांकि, विमान के भीतर कोई अलार्म नहीं बजा, फिर भी पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तुरंत रोक दिया और जांच के लिए वापस ले आए।
यात्रियों का सफर बना परेशानी का सबब
विमान के रुकते ही यात्रियों को घंटों तक बिना एयर कंडीशनिंग के गर्मी में परेशान होना पड़ा। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं। काफी देर बाद यात्रियों को विमान में तकनीकी खराबी आने की सूचना दी गई और उन्हें विमान से नीचे उतारा गया।
करीब 4 घंटे तक चली विस्तृत इंजीनियरिंग जांच के बाद भी विमान में कोई असामान्य बात नहीं मिली। इसके बाद, जांच पूरी होने पर, फ्लाइट ने आखिरकार 4 घंटे की देरी से उड़ान भरी।