लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हरियाणवी एक्ट्रेस ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और आत्मदाह विरोधी दस्ते ने उसे समय रहते बचा लिया।READ ALSO:-कल आसमान में महा-तांडव: पितृपक्ष पर 'ब्लड मून' का साया, जानें सूतक का सही समय और 12 राशियों का पूरा भविष्यफल
हापुड़ के पिलखुवा की रहने वाली यह एक्ट्रेस, अपने चार साल के बेटे और बड़ी बहन के साथ नोएडा से लखनऊ आई थी। आत्मदाह का प्रयास करने से पहले उसने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। वीडियो में महिला ने कहा, "योगी बाबा आपकी सरकार में क्या हो रहा है, लड़कियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। क्या मुझे भी सुसाइड करने का इंतजार किया जा रहा है, तब उत्तर कुमार को अरेस्ट किया जाएगा?"
क्या है पूरा मामला?
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उसने गाजियाबाद के शालीमार थाने में हरियाणवी और देहाती फिल्म निर्माता उत्तर कुमार पर रेप का केस दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि उसने 24 जून को ही पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। करीब 25 दिन बाद हाईकोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने कई बार आरोपी की लोकेशन पुलिस को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में अपराध सिद्ध नहीं हो पाया था, जिसके बाद विवेचक ने अंतिम पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया था। इसी बात से निराश होकर एक्ट्रेस ने यह कदम उठाया।
इंस्टाग्राम पर पहले ही दी थी चेतावनी
पीड़िता ने न्याय न मिलने से निराश होकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सार्वजनिक रूप से यह चेतावनी दी थी कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह कर लेगी। इसके बावजूद, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि फिल्म निर्माता उत्तर कुमार ने न सिर्फ उसकी, बल्कि कई अन्य लड़कियों की जिंदगी भी बर्बाद की है।
गौतमपल्ली थाना प्रभारी रत्नेश सिंह ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।